दुर्ग , अप्रैल 10 -- छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में एक पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार बच्ची शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे स्कूल से लौटने के बाद दादी से पैसे लेकर निकली थी, लेकिन दो घंटे बाद भी घर नहीं पहुंची। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। स्थानीय ग्रामीणों ने एक कुएं के पास खंडहर भवन की झाड़ियों में एक बोरी को हिलते हुए देखा। बोरी खोलने पर बच्ची का मुंह तकिए के कवर से बंधा मिला। वह डरी-सहमी अवस्था में थी। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने जांच में आरोपी धनेश्वर साहू उर्फ जनता साहू (40) को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि शराब के नशे में आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर दुष्कर्म किया। बेहोश होने पर उसे बोरी में बंद कर झाड़ियों में फेंक दिया।

घटना की सूचना मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों, महिलाओं और युवकों ने उतई थाने का घेराव कर दिया। थाने के बाहर धरना देते हुए वे आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित