कोरबा , अप्रैल 05 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार को सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत बलगी-सुराकछार मुख्य मार्ग पर आज सुबह लगभग 10 बजे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 36 वर्षीय रामेश्वर सिंह कंवर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक सलियाभांठा गांव का निवासी था और किसी कार्य से बाइक से बलगी की ओर जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ओवरटेक के दौरान यह हादसा हुआ, जिसमें भारी वाहन ने बाइक सवार को कुचल दिया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और मृतक के परिजनों के साथ मिलकर मुआवजे एवं दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।

सूचना मिलने पर बाकी मोगरा थाना प्रभारी चमन लाल सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी। प्रशासन द्वारा तत्काल सहायता राशि प्रदान करने तथा उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया।

पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है तथा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित