रायपुर , दिसंबर 05 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव से विगत दिनों नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में कबड्डी प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली सब जूनियर टीम के खिलाड़ियों ने सौजन्य मुलाकात की। श्री साव ने सभी खिलाड़ियों को शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी।

श्री साव ने कहा कि हरियाणा में आयोजित 35वीं सब जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप में रजत पदक जीतना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। साय सरकार खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिसका सकारात्मक परिणाम आज राष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिल रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से आत्मीय चर्चा करते हुए उनके संघर्ष, मेहनत और अनुशासन की सराहना की तथा आगामी प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप ईनाम राशि प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य कबड्डी संघ के अध्यक्ष शशिकांत बघेल, कोच आशीष मिश्रा एवं मैनेजर पितांबर सिंह पोर्ते सहित अन्य पदाधिकारियों ने टीम की तैयारियों और प्रदर्शन से संबंधित जानकारी साझा की।

गौरतलब है कि भारतीय कबड्डी संघ के तत्वावधान में हरियाणा राज्य कबड्डी संघ द्वारा 27 से 30 नवंबर तक आयोजित अंडर-16 राष्ट्रीय कबड्डी स्पर्धा में छत्तीसगढ़ की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पूल एफ में शामिल टीम ने लीग मैचों में पुड्डुचेरी, विदर्भ और तमिलनाडु को बड़े अंतर से पराजित करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद साई की टीम और सेमीफाइनल में राजस्थान को रोमांचक मुकाबले में हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में हरियाणा से कड़े संघर्ष में हार का सामना करना पड़ा, बावजूद इसके टीम ने रजत पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। खिलाड़ी चयन और तैयारी के लिए बालकों का कोचिंग कैंप बिलासपुर तथा बालिकाओं का कैंप पेंड्रा में आयोजित किया गया था, जिसका टीम के प्रदर्शन पर सकारात्मक असर देखने को मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित