एमसीबी , अप्रैल 10 -- छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रशासन ने ग्राम पंचायत चैनपुर में प्रीमियम विदेशी मदिरा दुकान निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के लिए कुल 15.20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
जिला जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर एवं जिला प्रबंधक, छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड के निर्देशों के अनुपालन में इस नवीन दुकान के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। यह मंजूरी तकनीकी प्राक्कलन के आधार पर दी गई है, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के अनुरूप संपन्न किया जा सके।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह स्वीकृति विशिष्ट शर्तों के अधीन होगी। कार्य एजेंसी को यह सुनिश्चित करना होगा कि संबंधित निर्माण कार्य किसी अन्य सरकारी योजना में शामिल न हो। यदि भविष्य में ऐसा पाया जाता है, तो यह प्रशासनिक स्वीकृति स्वतः निरस्त मानी जाएगी। साथ ही, निर्माण एजेंसी को आगामी पांच वर्षों तक भवन के रखरखाव एवं मरम्मत की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। निर्माण के लिए चयनित भूमि का पूर्णतः विवाद मुक्त होना अनिवार्य किया गया है।
प्रशासन ने निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि यदि कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो पूरी लागत राशि संबंधित एजेंसी से भू-राजस्व की भांति वसूल की जाएगी। इसके अतिरिक्त, श्रमिकों के हितों का ध्यान रखते हुए कार्यस्थल पर पेयजल, प्राथमिक उपचार किट और उपस्थिति पंजी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मजदूरी का भुगतान न्यूनतम मजदूरी अधिनियम 1948 के प्रावधानों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित