रायपुर , फरवरी 21 -- ) छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन कर दिया है। आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कुल 24,99,823 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। संशोधित सूची के अनुसार अब राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 1,87,30,914 रह गई है।
जिला-वार आंकड़ों में सबसे अधिक नाम रायपुर जिले से हटाए गए हैं, जहां 4,98,556 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए। वहीं सबसे कम खैरागढ़ जिले में 9,843 नाम सूची से हटाए गए हैं। एसआईआर की शुरुआत से पहले छत्तीसगढ़ में कुल मतदाताओं की संख्या दो करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 थी। प्रारूप (ड्राफ्ट) सूची जारी होने के बाद यह संख्या घटकर एक करोड़ 84 लाख 95 हजार 920 रह गई थी।
इसके पश्चात प्राप्त दावों और आपत्तियों की सुनवाई के उपरांत अंतिम सूची जारी की गई, जिसमें मतदाताओं की संख्या बढ़कर 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 हो गई। अंतिम चरण की सुनवाई के दौरान 2 लाख 34 हजार 994 नए नाम जोड़े गए। पूरी प्रक्रिया में फर्जी, दोहराव अथवा अपात्र पाए गए नामों को हटाकर सूची को अद्यतन और शुद्ध किया गया है।
यदि किसी पात्र नागरिक का नाम अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर घोषणा पत्र और आवश्यक सहायक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकता है। वहीं मतदाता सूची में दर्ज विवरण में त्रुटि होने की स्थिति में फॉर्म-8 के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर संशोधन के लिए आवेदन किया जा सकता है।
निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नाम और विवरण की पुष्टि कर लें तथा किसी भी त्रुटि की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित