रायपुर , जनवरी 28 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) ने संगठनात्मक कार्यों को गति देने के लिए एक प्रदेशस्तरीय कनेक्ट सेंटर के गठन का फैसला किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को इस नए प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी से बुधवार को मिली जानकारी के मुताबिक,यह निर्णय अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट के अनुमोदन तथा प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर लिया गया है। आदेश के अनुसार, कनेक्ट सेंटर के अध्यक्ष (चेयरमेन) के रूप में पीसीसी महामंत्री दीपक मिश्रा को नियुक्त किया गया है। उनके साथ पीसीसी सचिव पल्लवी सिंह और वरिष्ठ नेता अशोक चतुर्वेदी को सह-अध्यक्ष (को-चेयरमेन) का दायित्व दिया गया है।
इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। पार्टी के प्रभारी महामंत्री (संगठन) मलकीत सिंह गैदू द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि इस कदम का उद्देश्य संगठन के कार्यों में तेजी लाना है। नियुक्त नेताओं के संपर्क नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं।
इस आदेश की प्रतिलिपि राज्य के सभी वरिष्ठ नेताओं, जिनमें सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, एआईसीसी के अन्य प्रभारियों, सभी सांसदों-विधायकों, प्रदेश व जिला स्तरीय पदाधिकारियों और मोर्चा प्रमुखों को भेजी गई है। पार्टी के संचार समिति अध्यक्ष को भी आवश्यक कार्यवाही के लिए सूचित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित