रायपुर , मार्च 12 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) ने प्रदेश सरकार के खिलाफ अपना विरोध प्रदर्शन तेज करते हुए 17 मार्च को राजधानी रायपुर में विधानसभा घेराव का फैसला किया है। यह कार्यक्रम मनरेगा बचाओ संग्राम और प्रदेश के जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आयोजित किया जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से आज मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर पार्टी ने इस घेराव कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर ली है। संगठन ने सभी जिला प्रभारियों को इस आंदोलन को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश संगठन महामंत्री (प्रशासन) मलकीत सिंह गैदू द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सभी जिला प्रभारी 15 मार्च से पहले अपने-अपने जिलों में बैठकें करेंगे।
इन बैठकों में बूथ, पंचायत और वार्ड स्तर पर कमेटियों के गठन पर भी चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही 17 मार्च को होने वाले विधानसभा घेराव में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लक्ष्य तय किए जाएंगे। पार्टी ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से इस कार्यक्रम को जन-आंदोलन का रूप देने की अपील की है।
कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश में मनरेगा योजना की उपेक्षा की जा रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है। पार्टी ने कहा कि मनरेगा के तहत मजदूरी का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा और कार्य दिवसों की संख्या में भी कमी की गई है। इसके अलावा कांग्रेस किसानों के हितों, बिजली संकट, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरने की योजना बना रही है।
विधानसभा घेराव कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को 17 मार्च को रायपुर में उपस्थित रहने का निर्देश जारी किया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों से कार्यकर्ता बसों और ट्रेनों के जरिए रायपुर पहुंचेंगे। इस आयोजन को लेकर पार्टी ने अपने सोशल मीडिया विभाग को भी सक्रिय कर दिया है।
इस आदेश की प्रतिलिपि महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव समेत सभी वरिष्ठ नेताओं को भेजी गई है। कांग्रेस का यह आंदोलन आने वाले दिनों में प्रदेश की सियासत गरमा सकता है। गौरतलब है कि इससे पहले भी कांग्रेस विभिन्न मुद्दों पर सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित