रायपुर, फरवरी 11 -- छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को एक पत्र जारी कर 12 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल (भारत बंद) के साथ पूर्ण एकजुटता व्यक्त की है। पीसीसी के प्रभारी महामंत्री (संगठन एवं प्रशासन) मलकीत सिंह गैदू ने सभी जिला, शहर, नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों को निर्देश जारी किए हैं कि वे इस बंद को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

देश की दस प्रमुख केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच के आह्वान पर 12 फरवरी को देशभर में यह भारत बंद रखा गया है। इसे विभिन्न किसान संगठनों का भी समर्थन प्राप्त है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यह हड़ताल केंद्र की भाजपा नीत सरकार की श्रम विरोधी नीतियों और आर्थिक सुधारों के खिलाफ है।

कांग्रेस पार्टी का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नए श्रम कोडों ने मजदूरों की नौकरी की सुरक्षा को गंभीर रूप से कमजोर किया है। इन कानूनों से श्रमिकों को मिलने वाली कानूनी संरक्षण समाप्त हो गई है, जबकि नियोक्ताओं को कर्मचारियों को हायर और फायर करने की असीम छूट मिल गई है। पार्टी का मानना है कि इससे मजदूर वर्ग के अधिकारों पर सीधा प्रहार हुआ है।

गौरतलब है कि इन श्रम कानूनों के अलावा सरकार की आर्थिक नीतियों को भी इस बंद के मुख्य कारणों के रूप में रेखांकित किया गया है। किसान संगठनों द्वारा दिए गए समर्थन को इस बात का संकेत माना जा रहा है कि सरकार की नीतियों को लेकर व्यापक असंतोष है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित