रायपुर , जनवरी 24 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे तिल्दा क्षेत्र में आयोजित मड़ई मेला कार्यक्रम के दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला शनिवार को सामने आया है। यह घटना खरोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत भुरसुदा की बताई जा रही है, जहां 23 जनवरी की शाम मेला लगा हुआ था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेला स्थल पर कुछ अज्ञात युवक चाकू लेकर पहुंचे और वहां मौजूद एक युवक पर अचानक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भुरसुदा का निवासी बताया जा रहा है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस वारदात में शामिल आरोपी नाबालिग हो सकते हैं। घटना के पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित