नयी दिल्ली , नवम्बर 19 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार से छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश की तीन दिन की यात्रा पर जायेंगी।
राष्ट्रपति सचिवालय ने बुधवार को बताया कि श्रीमती मुर्मु गुरुवार को अंबिकापुर में छत्तीसगढ़ सरकार के जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होंगी।
शुक्रवार को वह सिकंदराबाद के बोलारम स्थित राष्ट्रपति निलयम में भारतीय कला महोत्सव 2025 का उद्घाटन करेंगी। भारतीय कला महोत्सव के दूसरे संस्करण में गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, गोवा, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव की समृद्ध सांस्कृतिक, पाककला और कलात्मक परंपराओं का प्रदर्शन किया जाएगा।
यात्रा के अंतिम दिन राष्ट्रपति पुट्टपर्थी के प्रशांति निलयम में श्री सत्य साईं बाबा के शताब्दी समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष सत्र में शामिल होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित