रांची, 28अक्टूबर (वार्ता) झारखंड की राजधानी रांची में लोक आस्था का महापर्व छठ आज उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।
वहीं इस अवसर पर रांची के सभी छठ घाटों पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। जिला प्रशासन, रांची द्वारा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियाँ की गई थीं।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, मंजूनाथ भजंत्री ने इस महापर्व में पत्नी संग हटनिया तालाब छठ घाट पर संध्याकालीन एवं प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित किया, उन्होंने समस्त जिलेवासियों की सुख, शांतिये एवं समृद्धि की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी संस्कृति, अनुशासन और सामूहिक एकजुटता का प्रतीक है।
जिला प्रशासन द्वारा महापर्व के सफल आयोजन के लिए सभी छठ पूजा समितियों, सर्वधर्म केंद्रीय शांति समिति, मीडिया बंधुओं, स्वयंसेवी संगठनों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि छठ पर्व हमारी आस्था और एकता का प्रतीक है। सभी के सहयोग से यह आयोजन न केवल भव्य और भक्तिमय रहा, बल्कि पूरी तरह से सुरक्षित और सुव्यवस्थित भी रहा।
जिला प्रशासन ने छठ पूजा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में केंद्रीय शांति समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सहयोग की सराहना की है। श्री भजन्त्री ने कहा कि समिति के सदस्यों ने प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पूजा के दौरान शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे का वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
श्री भजंत्री ने कहा कि छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर समिति के सक्रिय सहयोग से प्रशासन को सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई एवं जनसुविधाओं के सुचारू संचालन में विशेष मदद मिली। केंद्रीय शांति समिति के सदस्य लगातार घाटों का निरीक्षण करते रहे और किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था फैलने से रोकने में अहम योगदान दिया।
जिला प्रशासन ने समिति के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक एकता और सामुदायिक सौहार्द के लिए सहयोग मिलता रहेगा तो जिले में सभी त्यौहार शांति और सद्भाव के साथ संपन्न होंगे।
जिला प्रशासन ने छठ पर्व के दौरान तैनात सभी पदाधिकारियों, पुलिस बल, स्वास्थ्यकर्मियों, सफाई कर्मियों और स्वयंसेवकों के योगदान की प्रशंसा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित