नयी दिल्ली , अक्टूबर 27 -- दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने सोमवार को कहा कि छठ महापर्व सनातन की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता की सशक्त झलक प्रस्तुत करता है।
श्री इन्द्राज ने आज बवाना विधानसभा के विभिन्न छठ घाटों पर जाकर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और संध्या अर्घ्य में सम्मिलित होकर व्रतियों के साथ भगवान सूर्य एवं छठी मईया का पूजन किया। उन्होंने कहा कि इस बार घाटों पर सुविधाओं और सुरक्षा की अद्भुत व्यवस्था है। उन्होंने रोहिणी सेक्टर 20 झील वाला पार्क में बने मॉडल घाट में पूजन के दौरान कहा कि छठ महापर्व सनातन की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता की सशक्त झलक प्रस्तुत करता है। यह पर्व न केवल सूर्योपासना का पर्व है बल्कि समाज में संयम, स्वच्छता और सामूहिकता के भाव का प्रतीक भी है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि दिल्ली में छठ अब केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक उत्सव बन चुका है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में छठ पर्व पर दिल्ली में अब तक के सबसे भव्य आयोजन के राजधानी वासी साक्षी बन रहे हैं। दिल्ली सरकार ने सभी घाटों पर स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल, सुरक्षा और चिकित्सा जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बवाना विधानसभा के रोहिणी सेक्टर 24, 25 और 26 स्थित छठ घाट, पंसाली छठ, बवाना के जे जे कॉलोनी ए ब्लॉक, एफ ब्लॉक, जी ब्लॉक एवं एल ब्लॉक घाट, जैन कॉलोनी घाट, शाहबाद डेयरी स्थित पंच मंदिर घाट और अन्य जगहों पर बने घाटों पर भव्य आयोजन का जायजा लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित