प्रयागराज , अक्टूबर 24 -- दीपावली और छठ पर्व को लेकर उत्तर मध्य रेलवे ने अपनी पूरी तैयारियां की हैं। दीपावली का त्योहार संपन्न होने के बाद अब छठ पर्व की ओर लोगों का रुख बढ़ गया है। इस दौरान अपने घरों से वापस लौट रहे यात्रियों की भीड़ ने ट्रेनों में अतिरिक्त दबाव हो गया है। इसी को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर व्यापक इंतज़ाम किए हैं। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) अमित मालवीय ने बताया कि दीपावली के बाद अब छठ पर्व के लिए यात्रा करने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार की दिशा में जाने वाले यात्रियों की भीड़ काफी अधिक है। इसी वजह से रेलवे द्वारा विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।अब तक उत्तर मध्य रेलवे द्वारा इस त्योहार सीजन में लगभग 350 विशेष ट्रेनें चलाई जा चुकी हैं। वहीं छठ पर्व और उसके बाद वापसी की भीड़ को देखते हुए करीब 650 और ट्रेनें बढ़ाई गई हैं, जिसे आने वाले दिनों में संचालित किया जाएगा।

ये ट्रेनें उत्तर मध्य रेलवे की अपनी हैं यानी जो मंडल से ओरिजिनेट, टर्मिनेट या इसी क्षेत्र की ओनिंग में हैं।इसके अलावा, उत्तर मध्य रेलवे की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि पश्चिमी और उत्तर भारत से आने वाली अनेक ट्रेनें पूर्वी भारत की ओर जाते हुए प्रयागराज मंडल से होकर गुजरती हैं। ऐसी लगभग 5000 ट्रेनें या तो संचालित की जा चुकी हैं या नोटिफाई की गई हैं, जिनमें से 2400 से अधिक ट्रेनें पहले ही मंडल से होकर गुजर चुकी हैं। इस तरह कुल मिलाकर यात्रियों को 5500 ट्रेनों की बड़ी सौगात मिली है।यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने प्रयागराज सहित सभी प्रमुख स्टेशनों पर विशेष होल्डिंग एरिया विकसित किए हैं। महाकुंभ के दौरान बनाए गए यात्री आश्रय शेड अब दोबारा चालू कर दिए गए हैं, जिनमें यात्रियों के विश्राम और प्रतीक्षा की पूरी व्यवस्था है। जहां स्थायी शेड उपलब्ध नहीं हैं, वहां अस्थायी टेंट लगाकर टेंपरेरी शेड तैयार किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित