जशपुर , अक्टूबर 24 -- छत्तीसगढ में जशपुर के कुनकुरी क्षेत्र के तुरी बस्ती निवासी 42 वर्षीय चुन्नू राम की गुरुवार शाम छठ घाट में डूबने से मौत हो गई। घटना के करीब 22 घंटे बाद शुक्रवार दोपहर राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) टीम ने उसका शव बरामद किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुन्नू राम गुरुवार शाम करीब चार बजे कुनकुरी डेम के पास किसी कार्य से गया था। इस दौरान अचानक उनका पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरा और डूब गया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ टीम के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू करवाया। हालांकि, अंधेरा बढ़ने के कारण गुरुवार रात में बचाव अभियान रोकना पड़ा।

आज सुबह फिर से बचाव अभिया शुरू किया गया और 22 घंटे की मशक्कत के बाद मृतक का शव घाट से बाहर निकाला गया। मृतक चुन्नू राम तुरी बस्ती का निवासी था और अपने परिवार के साथ वहीं रहते थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवारजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर है।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित