बदायूं , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के कोतवाली मूसाझाग क्षेत्र के सेजनी गांव स्थित एचपीसीएल के एथेनॉल प्लांट में गुरुवार दोपहर छटनी से नाराज एक पूर्व कर्मचारी ने महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता और सहायक महाप्रबंधक हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि सेजनी गांव निवासी अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू प्लांट का पूर्व कर्मचारी था। कुछ समय पहले जनरल मैनेजर द्वारा काम न करने वाले कर्मचारियों की छंटनी की गई थी, जिसमें अजय प्रताप भी शामिल था। इसी बात से वह नाराज चल रहा था और जनरल मैनेजर को धमकियां देता रहता था।

कर्मचारियों के अनुसार आरोपी पहले भी कई बार जनरल मैनेजर की कार पर हमला कर चुका था। इस संबंध में सुधीर गुप्ता ने जिलाधिकारी और एसएसपी से शिकायत की थी, जिसके आधार पर कोतवाली दातागंज थाना में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

आज दोपहर करीब 1:30 बजे आरोपी अजय प्रताप सिंह एचपीसीएल के एथेनॉल प्लांट में पहुंचा और सुरक्षा गेट पार कर कॉन्फ्रेंस रूम तक पहुंच गया, जहां उसने जनरल मैनेजर सुधीर कुमार गुप्ता को गोली मार दी। बीच-बचाव करने पहुंचे सहायक जनरल मैनेजर हर्षित मिश्रा पर भी उसने फायरिंग कर दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

जिलाधिकारी अवनीश राय ने दोनों अधिकारियों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि वह और पुलिस अधीक्षक मौके पर मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद आरोपी हथियार के साथ फैक्ट्री परिसर और कार्यालय के अंदर कैसे पहुंच गया तथा सुरक्षा कर्मियों ने उसे क्यों नहीं रोका। फिलहाल प्रशासन ने इन सवालों पर टिप्पणी करने से इनकार किया है और मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित