देहरादून , अप्रैल 17 -- उत्तराखंड के देहरादून जनपद अंतर्गत गुरुवार शुक्रवार मध्य रात्रि पुलिस को देखकर भाग रहे एक कार सवार बदमाश ने रोके जाने पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उक्त कार सवार घायल हो गया जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। यह बदमाश डोईवाला और रानी पोखरी थाना क्षेत्र में कई चोरी की घटनाओं में वांछित था।
एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल ने शुक्रवार को बताया कि ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत सघन चेकिंग में मध्य रात्रि पुलिस कन्ट्रोल रूम के माध्यम से एक संदिग्ध सफेद रंग की स्विफ्ट कार संख्या यूके-08टीए-9193 के पीली कोठी, हर्रावाला मे घूमने की सूचना प्राप्त हुई। जिस पर चौकी हर्रावाला मे नियुक्त कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उक्त सफेद रंग की कार का चालक पुलिस देखकर पीली कोठी से हाईवे की ओर भागने लगा।
पुलिस चौकी हर्रावाला के पास बैरियर पर जब टीम द्वारा कार को रोकने का प्रयास किया गया, तो चालक ने रूकने के बजाय तेज गति से सडक पर लगाये गये स्लाईडिंग बैरियर को टक्कर मारकर वहां से हरिद्वार की ओर भागने लगा। जिसका पुलिस टीम द्वारा पीछा किया गया। पुलिस टीम को पीछा करते देख उक्त कार चालक का वाहन कुआंवाला से करीब 01 कि0मी0 आगे जाकर हाईवे के किनारे लगे नेशनल हाईवे के बोर्ड से टकरा गया।
श्री डोभाल ने बताया कि इसके बाद उक्त बदमाश पास ही जंगल की ओर भागा तथा उसके द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग की गयी। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा भी आत्मरक्षा मे जवाबी फायरिंग की गयी। जिसमें अभियुक्त घायल हो गया। उसके कब्जे से एक देशी तमन्चा 315 बोर व 02 खोखा कारतूस तथा एक जिन्दा कारतूस बरामद हुए। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ में उसने अपना नाम क्रान्तानाथ पुत्र मौसम नाथ, निवासी सपेरा बस्ती, घिस्सुपुरा, थाना पथरी जिला हरिद्वार आयु 26 वर्ष बताया। अभियुक्त को तत्काल मौके से उपचार के लिए दून चिकित्सालय ले जाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित