भरतपुर , अप्रैल 09 -- राजस्थान में डीग के कस्वा जुरहरा में सर्राफा बाजार की एक ज्वैलरी शॉप में हुई की चोरी का खुलासा करते पुलिस ने अंतरराज्यीय बावरी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर सात किलोग्राम चांदी बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपियों में से दो को पुलिस ने पेशी वारंट पर लिया है। पुलिस ने दावा किया है कि ज्वैलरी शॉप में करीब 40 महीने पहले हुई चोरी में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गयी है, जिन्हें जल्द ही गिरफतार कर उनसे चोरी के माल की बरामदगी की जायेगी।

पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ ने गुरुवार को बताया कि 27 दिसंबर 2022 को सर्राफ महेन्द्र जैन की दुकान से 90-95 किलो चांदी और 450 ग्राम सोने के आभूषणों की चोरी रिपोर्ट के बाद काफी तलाश के बाद भी मामलेका खुलासा नहीं हुआ। मामले का खुलासा करने के लिए प्रशिक्षु अधिकारी नरेश कुमार चनेजा को जांच का काम सौपा गया था, जिन्होंने अपनी टीम के साथ करी पांच हजार किलो मीटर से अधिक दूरी तय करने के साथ घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की कार्यप्रणाली, शारीरिक बनावट (कद-काठी) एवं चलने का तरीका और चोरी करने के तौर-तरीकों का गहनता एवं बारीकी से विश्लेषण कर पेशेवर अंतरराज्यीय बावरी गिरोह की पहचान की। अंतरराज्यीय बावरी गिरोह के ठिकानों एवं फरारी काटने के स्थानों को चिह्नित कर उनकी रेकी की गयी। गिरफ्तार आरोपियों के नाम आर्य सिंह उर्फ भारत निवासी धनुपुरा, बदायूं (उत्तर प्रदेश), दीपक उर्फ दीपू और यादराम बावरी निवासी बनारसीदास मोहल्ला औरैया (उत्तर प्रदेश) बताये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित