बैतूल , दिसंबर 28 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई में मोटरसाइकिल चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चोरी की गई मोटरसाइकिल लेकर चोर सीधे उसी युवक की दुकान के सामने पहुंच गया, जिसकी बाइक कुछ दिन पहले चोरी हुई थी। ताप्ती मेले में हुई इस घटना के बाद भीड़ ने आरोपी को पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार पटेल वार्ड मुलताई निवासी राहुल भावसार की मोटरसाइकिल पिछले शनिवार को दुर्गा चौक क्षेत्र से चोरी हो गई थी। इस संबंध में राहुल ने मुलताई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक बाइक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
गुरुवार रात ताप्ती मेले के दौरान एक युवक वही चोरी की मोटरसाइकिल लेकर मेले में पहुंचा और राहुल भावसार की दुकान के सामने बाइक खड़ी करने लगा। बाइक पार्किंग को लेकर उसकी आसपास के दुकानदारों से कहासुनी भी हो गई। इसी दौरान राहुल की नजर बाइक पर पड़ी और नंबर व पहचान चिह्न देखकर उसने बाइक को पहचान लिया।
इसके बाद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित