कोलंबो, फरवरी 07 -- प्रमोद मदुशन को इशान मालिंगा की जगह श्रीलंका की टी20 विश्व कप टीम में शामिल किया गया है। इंग्लैंड के ख़िलाफ इसी महीने घरेलू सीरीज के दूसरे टी20 में मलिंगा के कंधे पर चोट लगी थी।

उस मैच को बारिश के कारण रोकना पड़ा था। उसके बाद जैसे ही मैच फिर से शुरू हुआ, पहले ही ओवर में फ़ॉलो थ्रू के दौरान मलिंगा को वह चोट लग गई। इसके बाद वह तीसरे टी20 में भी नहीं खेल पाए।

2025 के आईपीएल में मलिंगा ने कमाल की गेंदबाज़ी की थी। उसी कारण उन्हें राष्ट्रीय टीम में भी तरक्की मिली। उन्होंने पिछले साल नवंबर में श्रीलंका के लिए टी20 में डेब्यू किया था। अब तक उन्होंने कुल आठ टी20 मैच खेले हैं और 9.41 की इकॉनमी रेट से आठ विकेट लिए हैं।

उनकी जगह पर टीम में रिप्लेसमेंट के तौर पर मदुशन को शामिल किया गया और उन्होंने भी आठ ही मैच खेले हैं। मदुशन ने 2022 में डेब्यू किया था। उन्होंने अपना आख़िरी टी20 मैच 2023 में खेला था। अपने आठ मैचों में उन्होंने 8.63 की इकॉनमी रेट से 12 विकेट झटके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित