जयपुर , मार्च 11 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर गत वर्ष से चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर राजस्थान दिवस मनाने की शुरूआत के बाद इस बार भी राज्य सरकार प्रदेशभर में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (19 मार्च) को राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों एवं आयोजनों के माध्यम से भव्य राजस्थान दिवस मनायेगी।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रदेशभर में 14 मार्च से विभिन्न कार्यक्रमों की शुरूआत की जाएगी जो 19 मार्च तक आयोजित होंगे। राजस्थान दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन 19 मार्च को जालोर में किया जाएगा। इस दौरान लाभार्थी सम्मेलन आयोजित होगा जिसमें लाभार्थियों के साथ संवाद एवं प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण किया जाएगा वहीं शाम को जयपुर में राज्य स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

आयोजन की शुरुआत 14 मार्च से सात दिवसीय स्वच्छता सप्ताह के साथ होगी। इस दौरान जयपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम एवं सभी जिलों में जिला स्तरीय कार्यक्रम होंगे वहीं 15 मार्च को जयपुर में राज्य स्तरीय 'विकसित राजस्थान रन' का आयोजन होगा जिसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। साथ ही सभी जिलों में भी विकसित रन का आयोजन भी किया जाएगा।

पंद्रह मार्च को ही 'राजस्थान को जाने' डिजिटल क्विज का शुभारंभ तथा जयपुर में ओडीओपी मेला एवं प्रदर्शनी का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों में निबंध, भाषण एवं चित्रकारी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेगी। इसी दिन शाम को दिल्ली के बीकानेर हाउस में पांच दिवसीय 'राजस्थान दिवस एवं बीकानेर हाऊस' का शुभारंभ किया जाएगा।

सोलह मार्च को डूंगरपुर के बेणेश्वर धाम में 'राजस्थान जनजातीय गौरव दिवस' का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत विकास कार्यों का शिलान्यास, जनजाति कला एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी तथा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 मार्च को जयपुर में 'राजस्थान युवा शक्ति दिवस' मनाते हुए राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन का आयोजन होगा वहीं सभी जिलों में 'राजस्थान को जानें' क्विज आयोजित की जाएगी। शाम को उद्यमियो के साथ संवाद, निजी क्षेत्र में रोजगार पत्र हस्तांतरण आदि गतिविधियां भी आयोजित की जाएगी।

किसानों एवं पशुपालकों से संवाद, विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास करते हुए 18 मार्च को किसान एवं पशुपालक समृद्धि दिवस मनाया जाएगा। शाम को प्रदेशभर में राजकीय मंदिरों में आरती का आयोजन होगा और मुख्यमंत्री भी महाआरती में शामिल होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित