चंडीगढ़ , मार्च 19 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चैत्र नवरात्र के पहले दिन गुरुवार को पत्नी सुमन सैनी के साथ माता मनसा देवी मंदिर में दर्शन किये। उन्होंने प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और लोगों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर की यज्ञशाला में वैदिक मंत्रों के बीच हवन-यज्ञ किया और आहुति अर्पित की। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक पौधा भी लगाया। इस दौरान श्राइन बोर्ड के अधिकारियों ने उन्हें माता मनसा देवी का चित्र और हिंदू नव वर्ष का कैलेंडर भेंट कर सम्मानित किया।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नवरात्र और हिंदू नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नवरात्र भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक है तथा इस दौरान लाखों श्रद्धालु मंदिर में अपनी मनोकामनाओं के साथ पहुंचते हैं।
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर के विकास के लिए कई कार्य किये जा रहे हैं। विशेष रूप से भव्यता बढ़ाने के लिए नये गलियारे का निर्माण तेजी से चल रहा है, जिसमें लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी। इसके अलावा कालका स्थित काली माता मंदिर और चंडीमंदिर के चंडी माता मंदिर में भी जीर्णोद्धार कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री ने रक्तदान जागरूकता शिविर का भी दौरा किया और रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित