पटना , मार्च 23 -- चैती छठ महापर्व 2026 के सफल आयोजन के लिये पटना नगर निगम की ओर से की गई व्यापक तैयारियाँ अब पूर्ण हो चुकी हैं।

राजधानी के सभी चिन्हित गंगा घाटों एवं तालाबों को पूरी तरह से सुसज्जित एवं व्यवस्थित कर दिया गया है, जिससे छठ व्रती एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पटना नगर निगम की ओर से 49 घाटों पर सफाई, सौंदर्यीकरण, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का कार्य समयसीमा के भीतर पूर्ण कर लिया गया है। सभी घाटों पर व्यापक सफाई अभियान चलाकर उन्हें स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाया गया है, वहीं रंग-रोगन, मरम्मत एवं समतलीकरण के कार्य भी सफलतापूर्वक संपन्न किए गए हैं।

प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए सभी हाई-मास्ट लाइटों को दुरुस्त कर दिया गया है, जिससे संध्या एवं प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित हो सके। साथ ही 'ओपन वायर' की जांच कर उन्हें पूरी तरह सुरक्षित कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित