जागरेब (क्रोएशिया) , फरवरी 07 -- भारत के चेतन और पुलकित ने जागरेब ओपन 2026 कुश्ती टूर्नामेंट में क्रमशः 63 किग्रा ग्रीको-रोमन और महिलाओं के 65 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में रजत पदक जीते।
शुक्रवार को खेले गये मुकाबलों में इसके अलावा अंजलि (62 किग्रा) और निशा दहिया (68 किग्रा) ने अपने-अपने वर्ग में कांस्य पदक जीते। साल की पहली विश्व कुश्ती महासंघ (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) रैंकिंग सीरीज में भारत के पदकों की संख्या 11 हो गई है जिसमें एक स्वर्ण, चार रजत और छह कांस्य पदक शामिल हैं।
ग्रीको-रोमन वर्ग में चेतन ने 63 किग्रा में दमदार प्रदर्शन करते हुए भारत के अभियान की मजबूत शुरुआत कराई। क्वालीफायर में उन्होंने कजाकिस्तान के दस्तान जारलिखानोव को 7-6 से हराया। इसके बाद क्वार्टरफाइनल में सर्बिया के देजान बेरकेच को 9-0 से मात दी।
सेमीफाइनल में चेतन ने ईरान के पूर्व विश्व चैंपियन मेयसम डालखानी को 14-5 से चौंकाते हुए फाइनल में जगह बनाई। हालांकि स्वर्ण मुकाबले में उन्हें ईरान के एरफान बेहनाम जारकानी से 8-4 से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
महिलाओं के 65 किग्रा फ्रीस्टाइल में अंडर-17 वर्ल्ड चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता पुलकित ने नॉर्डिक सिस्टम के तहत रजत पदक जीता। उन्होंने स्वीडन की एग्नेस न्यग्रेन को 10-1 से और रोमानिया की यूरोपियन गेम्स कांस्य पदक विजेता क्रिस्टा इन्से को 2-0 से हराया।
इसके बाद क्रोएशिया की मारियाना सुम्सकी के चोटिल होने के कारण उन्हें वॉकओवर मिला। हालांकि, दिन के अपने पहले मुकाबले में जापान की नाना इकेहाता से 3-1 से हार के चलते पुलकित रजत तक ही पहुंच सकीं।
महिलाओं के 62 किग्रा वर्ग में अंजलि ने अपने अभियान की शुरुआत क्रोएशिया की लाना नोगिक पर 12-0 की शानदार जीत के साथ की। क्वार्टरफाइनल में उन्होंने ब्राजील की लाइस नून्स को 5-3 से हराया। सेमीफाइनल में उन्हें स्वीडन की ओलंपियन और दो बार की यूरोपियन चैंपियनशिप पदक विजेता जोहाना लिंडबॉर्ग से 10-0 से हार झेलनी पड़ी। इसके बाद कांस्य पदक मुकाबले में अंजलि ने अपनी ही साथी भाग्यश्री फांड को 5-4 से हराकर पोडियम पर जगह बनाई।
भाग्यश्री फांड ने रेपेचेज के जरिए कांस्य पदक मुकाबले के लिए क्वालीफाई किया था। क्वालीफायर में उन्होंने अमेरिका की अलारा बॉयड को हराया था, जबकि क्वार्टरफाइनल में उन्हें जोहाना लिंडबॉर्ग से हार मिली थी।
महिलाओं के 68 किग्रा वर्ग में एशियन चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता निशा दहिया ने भी रेपेचेज के रास्ते कांस्य पदक तक का सफर तय किया। प्री-क्वार्टरफाइनल में उन्होंने अजरबैजान की बिरगुल सोल्तानोवा को 8-1 से हराया, लेकिन क्वार्टरफाइनल में तुर्किये की ओलंपियन नेसरीन बाश से 10-0 से हार गईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित