देहरादून , नवंबर 27 -- उत्तराखंड में देहरादून जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिला प्रशासन की टीम ने गुरुवार को सहारनपुर रोड़ माजरा स्थित देवभूमि सीएससी सेंटर में औचक निरीक्षण करते हुए छापेमारी की। यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी और तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव के नेतृत्व में की गई।

जिला प्रशासन द्वारा अनियमितता पाए जाने पर देवभूमि सीएससी सेंटर को सील करते हुए केंद्र पर ताला जड़ दिया है। निरीक्षण के दौरान सेंटर पर भारी अनियमिताएं पाई गई थी। जनसेवा केंद्र पर निर्वाचन संबंधी दस्तावेज पाए गए लेकिन संचालक अब्दुल वसीम और आसिफ कोई जानकारी नहीं दे पाए।

जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अब्दुल वसीम नाम से संचालित सेंटर की आईडी को सील कर दिया है। केंद्र में निरीक्षण के दौरान रेट लिस्ट नहीं पाई गई और न ही प्रमाण पत्रों की पंजिका का विवरण उपलब्ध था। जिला प्रशासन ने अग्रिम आदेशों तक केंद्र का संचालन बंद कर दिया है।

निरीक्षण के दौरान टीम द्वारा केंद्र में संचालित विभिन्न सेवाओं, कागजों, लेन-देन के विवरणों तथा सेवा शुल्क आदि की बारीकी जांच की गई। जांच में कई अनियमितताएं, नियमों का उल्लंघन, सेवा प्रदायगी में गंभीर त्रुटियां पाई गईं। केंद्र संचालक की तरफ से संतोषजनक उत्तर न दिए जाने व अनियमितताओं के प्रमाण मिलने पर प्रशासन ने सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

जिलाधिकारी बंसल ने बताया कि जन-सेवा से जुड़े किसी भी केंद्र पर अनियमितता, उपभोक्ता शोषण या पारदर्शिता का अभाव किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता का हित सर्वाेपरि है, और सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासन निरंतर सघन अभियान जारी रखेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित