बेंगलुरु , नवंबर 15 -- कर्नाटक के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री दिनेश गुंडू राव ने बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रचंड जीत के बाद शनिवार को निर्वाचन आयोग की भूमिका की आलोचना की।
उन्होंने कहा, "हमने देखा है कि चुनाव आयोग भाजपा का पक्षधर रहा है। उसने भाजपा को सरकारी पैसे से वोट खरीदने का अवसर दिया। अगर भाजपा किसी योजना के अंतर्गत महिलाओं को 10,000, 20,000 या 30,000 रुपये देकर चुनाव लड़ती है तो वह चुनाव निष्पक्ष कैसे हो सकता है? चुनाव आयोग ने इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं की?"उनकी यह टिप्पणी 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद आई है जिसमें एनडीए ने 243 में से 202 सीटें प्राप्त की जो 122 सीटों के साधारण बहुमत की सीमा से कहीं ज़्यादा है। इसमें भाजपा ने 89 सीटें और उसकी सहयोगी जनता दल (यूनाइटेड) ने 85 सीटें प्राप्त की।
मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को व्यक्तिगत दलों के बीच सबसे अधिक वोट शेयर मिला लेकिन इसके के बावजूद वह केवल 25 सीटें ही प्राप्त कर सकी।
मतदान प्रतिशत लगभग 67 प्रतिशत रहा जिसमें महिलाओं का मतदान प्रतिशत 71.6 प्रतिशत तथा पुरुषों का 62.8 प्रतिशत दर्ज किया गया। यह बिहार में पहली बार था जब महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित