नयी दिल्ली , जनवरी 19 -- चुनाव आयोग के तत्वावधान में यहां बुधवार को शुरू हो रहे लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (आईआईसीडीईएम- 2026) में 70 देशों के लगभग एक सौ से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे।
सम्मेलन के दौरान आयोग की ओर से विश्व के सबसे बड़े चुनाव, लोकसभा 2024 चुनावों के आयोजन पर प्रकाश डालने वाली वृत्तचित्र श्रृंखला "इंडिया डिसाइड्स" को भी आईआईसीडीईएम-2026 के पहले दिन प्रदर्शित किया जाएगा।
ईसीआई के अध्ययन एवं प्रशिक्षण संस्थान - भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन संस्थान द्वारा राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित यह सम्मेलन 21-23 जनवरी तक चलेगा जो लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन के क्षेत्र में भारत द्वारा आयोजित अपनी तरह का सबसे बड़ा वैश्विक सम्मेलन बनने जा रहा है।
चुनाव आयोग की सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इस सम्मेलन में विश्व भर के 70 से अधिक देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले लगभग 100 प्रतिनिधियों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि, भारत में विदेशी मिशनों के प्रतिनिधि और चुनावी क्षेत्र के अकादमिक और व्यावहारिक विशेषज्ञ भाग लेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने सहयोगी चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ 21 जनवरी को उद्घाटन सत्र में प्रतिनिधियों का स्वागत करेंगे और कार्रवाई को हरी झंडी दिखाएंगे।
सम्मेलन के दौरान चुनाव प्रबंधन निकाय (ईएमबी) के सामान्य और पूर्ण सत्र शामिल हैं, जिनमें उद्घाटन सत्र, चुनाव प्रबंधन निकाय के नेताओं का पूर्ण सत्र, चुनाव प्रबंधन निकाय के कार्य समूह की बैठकें, वैश्विक चुनावी मुद्दों, आदर्श अंतरराष्ट्रीय चुनावी मानकों और चुनावी प्रक्रियाओं में नवाचारों और सर्वोत्तम प्रणालियों पर केंद्रित विषयगत सत्र शामिल हैं।
इसमें भारत के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) के नेतृत्व में और राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक विशेषज्ञों के सहयोग से गठित कुल 36 विषयगत समूह सम्मेलन के दौरान गहन विचार-विमर्श में योगदान देंगे। इन चर्चाओं में चार आईआईटी, छह आईआईएम, 12 राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू) और आईआईएमसी सहित प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी भी होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित