हजारीबाग, 10अक्टूबर (वार्ता) झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के चोरदाहा चेकपोस्ट पर चुनाव आचार संहिता के दौरान एक बड़ी कार्रवाई हुई है।

मंगलवार रात करीब 8:30 बजे संयुक्त वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने दक्षिण दिल्ली की एक महिला के वाहन से Rs.16.50 लाख नगद बरामद किया है। महिला की पहचान आकृति कनौजिया के रूप में हुई, जो बिना किसी वैध दस्तावेज के उक्त रकम साथ लेकर जा रही थी। पुलिस ने आज यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन की टीम द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे। इसी कार्रवाई के तहत चौपारण थाना क्षेत्र के चोरदाहा चेकपोस्ट पर जब एक इरटिंगा वाहन (जेएच 02बीवी-0702) को रोका गया और तलाशी में वाहन में सवार आकृति कनौजिया के पास से Rs.16,50,000 नकद बरामद हुए। महिला द्वारा इस रकम से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार पंचायत सचिव तथा स्टैटिक टीम के दंडाधिकारी केदार साव ने नगद राशि की जप्ती सूची बनाकर विधिवत कार्रवाई पूरी की।

इस कार्यवाही में सशस्त्र बल और लाठी बल की टीम भी शामिल रही। जांच में शामिल प्रमुख अधिकारी थे संजय कुमार यादव (अंचल अधिकारी, चौपारण), सरोज सिंह चौधरी (थाना प्रभारी चौपारण), राज कुमार सिंह और बादल कुमार महतो (चौपारण थाना)।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित