नयी दिल्ली , दिसम्बर 24 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने प्रदूषण के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा है और कहा कि यह खेदपूर्ण है कि विधानसभा चुनावों में मिली हार के लगभग एक साल बाद भी आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज जैसे नेता चुनावी हार को पचा नहीं पा रहे हैं, इसी का नतीजा है कि वे अवसाद में प्रदेश सरकार पर प्रदूषण पर नियंत्रण स्थापित करने में विफल रहने का आरोप लगा रहे हैं।

श्री सचदेवा ने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि 10 साल तक केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के प्रदूषण को नियंत्रित करने को लेकर कोई काम करना तो दूर सड़कों के किनारों लगी हरियाली बर्बाद कर दी और ऐसी टूटी सड़कें छोड़कर गई जिनमें पड़े गड्ढों और टूटे किनारों पर जब गाड़ियां चलती हैं तो धूल और गर्दा उड़ता था।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की भाजपा सरकार गत आठ से नौ माह में लगभग 200 वर्ग किलोमीटर सड़कों का पुनर्निर्माण करवा चुकी है और लगभग 50 हजार गड्ढे भरवा चुकी है जिससे सड़कों पर धूल प्रदूषण कम हो रहा है।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को पूरी तरह से ठप्प कर दिया था। सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव बेइंतिहा बढ़ गया और उससे वाहनों से निकलने वाली गैसों से प्रदूषण बहुत बढ़ गया।

श्री सचदेवा ने कहा कि आज दिल्ली वालों को समझ आ रहा है कि यह तो भाजपा सरकार द्वारा ठीक कराई सड़कों और लाईं 1000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसों का परिणाम है कि प्रदूषण नियंत्रित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित