पटना , नवंबर 09 -- बिहार में 11 नवंबर को दूसरे चरण के होने वाले विधानसभा चुनाव में राजनीतिक दलों के प्रदेश अध्यक्ष अग्रिम पंक्ति में योद्धा बन कर सियासी अखाड़े में अपने प्रतिद्धंदियों से लोहा लेते हुये नजर आयेंगे।

बिहार में 11 नवंबर को दूसरे और अंतिम चरण में कांग्रेस, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास),हिंदुस्तानी आवाम र्मोचा (हम), विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी), और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलिमीन (एआईएमआईएम) के प्रदेश अध्यक्ष चुनावी अखाड़े में जोर आजमाइश के लिए उतरे हैं।

औरंगाबाद जिले की कुटुबा (सुरक्षित) सीट से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक राजेश राम चुनावी रण में फिर से जीत के इरादे से उतरे हैं। उन्होंने वर्ष 2015 और वर्ष 2020 में लगातार दो बार यहां जीत दर्ज की है। पूर्व मंत्री दिलकेश्वर राम के पुत्र राजेश राम इस सीट पर हैट्रिक लगाने के प्रयास में हैं।

पूर्वी चंपारण जिले की गोविदगंज सीट से पूर्व बाहुबली विधायक राजन तिवारी के बड़े भाई और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी फिर से चुनावी अखाड़े में अपना जलवा बिखेरने के लिये तैयार हैं। राजू तिवारी ने इस सीट पर वर्ष 2015 के चुनाव में जीत दर्ज की थी। वर्ष 2020के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

गया जिले के टिकारी विधानसभा क्षेत्र से हिंदुस्तानी आवाम र्मोचा (हम) के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अनिल कुमार चुनावी अखाड़े में उतरे हैं। उन्होंने इससे पूर्व वर्ष 2010 में इस सीट से जीत हासिल की थी, लेकिन वर्ष 2015 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2020 में श्री कुमार ने दूसरी बार यहां जीत दर्ज की। श्री कुमार इस सीट पर अपनी तीसरी जीत की आस में सियासी रणभूमि में जोर आजमा रहे हैं।

कैमूर जिले की चैनपुर सीट से विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के टिकट पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाल गोविन्द बिन्द भी चुनावी अखाड़े में ताल ठोक रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित