चेन्नई , जनवरी 23 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें "चुनावी मौसम में तमिलनाडु आने वाला पक्षी" करार दिया है।

उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा नीत राजग गठबंधन का राज्य के साथ विश्वासघात करना अब उसकी आदत बन चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी की चेन्नई के पास मदुरांतकम में प्रस्तावित राजग रैली से कुछ घंटे पहले श्री स्टालिन ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए केंद्र सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि तमिल भाषा के प्रति प्रेम दिखाने में केंद्र सरकार दोहरा रवैया अपना रही है। श्री स्टालिन ने तमिलनाडु के खिलाफ किए गए कथित "विश्वासघातों" की एक लंबी सूची गिनाई, जिसमें मदुरै में प्रस्तावित एम्स अस्पताल का अब तक न बनना और समग्र शिक्षा अभियान के तहत स्कूल शिक्षा के लिए 3,458 करोड़ की राशि रोके जाने जैसे मुद्दे शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से सवाल किया, "कब तक मदुरै एम्स उस 'आठवें अजूबे' के रूप में बना रहेगा, जिसे पिछले दस वर्षों से इंच-दर-इंच बनाए जाने का दावा किया जा रहा है?"उन्होंने प्रधानमंत्री से पूछा, " आप सिर्फ़ चुनाव के मौसम में ही तमिलनाडु क्यों आते हैं और 3,458 करोड़ रुपये का समग्रशिक्षा फंड कब जारी होगा? आप कब अपना मुंह खोलेंगे और वादा करेंगे कि लोकसभा परिसीमन में तमिलनाडु की सीटों को कम नहीं किया जाएगा। भाजपा के एजेंट की तरह काम करने वाले राज्यपाल की ज्यादतियां कब खत्म होंगी? आपकी सरकार, जो तमिलों से भी ज़्यादा तमिल भाषा के लिए दिखावटी प्यार दिखाती है, तमिल भाषा के लिए उचित फंड कब देगी?"ये सवाल श्री स्टालिन ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर "तमिलनाडु राजग के धोखे गिन रहा है" शीर्षक के तहत श्री मोदी से पूछे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित