ऋषिकेश , अप्रैल 05 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश क्षेत्र में पूर्व में डूबे व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान रविवार को राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) टीम ने चीला बैराज क्षेत्र से दो शव बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढालवाला स्थित एसडीआरएफ टीम ने उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में चीला बैराज क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम को सबसे पहले एक युवक का शव मिला, जिसकी पहचान आयुष अम्बुज (25) पुत्र सुनील कुमार, निवासी सलीमपुर, बिहार के रूप में हुई। युवक पूर्व से लापता था और उसकी तलाश जारी थी। शव को बाहर निकालकर परिजनों द्वारा शिनाख्त के बाद सिविल पुलिस को सौंप दिया गया।
अभियान के दौरान ही टीम को दूसरा शव भी बरामद हुआ। मृतक की पहचान अनिल बहुगुणा, पुत्र स्वर्गीय प्रेमचंद बहुगुणा, निवासी मनीराम मार्ग, ऋषिकेश के रूप में हुई। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
एसडीआरएफ द्वारा चलाए गए इस अभियान से दोनों मामलों में लापता व्यक्तियों की खोज पूरी हो सकी है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित