बीजिंग , अक्टूबर 17 -- चीन की कम्युनिस्ट पार्टी ने पीएलए के दो शीर्ष अधिकारियों को अपने पद से निष्कासित कर दिया है और सेना ने उन्हें और सात अन्य को "अनुशासन और कानून के गंभीर उल्लंघन" के लिए जाँच के दायरे में रखा है।
चीन के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
गौरतलब है कि चीन के दूसरे सर्वोच्च पदस्थ जनरल ही वेइदोंग और चीनी सेना के शीर्ष राजनीतिक अधिकारी मियाओ हुआ भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत हटाए जाने वाले सबसे वरिष्ठ सैन्य अधिकारी हैं।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि जून में मियाओ को हटाए जाने से पहले तक दोनों छह सदस्यीय केंद्रीय सैन्य आयोग, चीन की सर्वोच्च सैन्य कमान संस्था का हिस्सा थे। मंत्रालय ने बताया कि केंद्रीय सैन्य आयोग (सीएमसी) के उपाध्यक्ष और 24 सदस्यीय पोलित ब्यूरो के सदस्य ही वेइदोंग को कम्युनिस्ट पार्टी और सेना से निष्कासित कर दिया गया है।
मंत्रालय ने कहा कि वह कम्युनिस्ट पार्टी की निर्णय लेने वाली सर्वोच्च संस्था वर्तमान पोलित ब्यूरो के पहले सेवारत सदस्य हैं, जिन्हें इस तरह की जांच का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सेना के राजनीतिक, वैचारिक और कार्मिक कार्यों के प्रभारी, सीएमसी के पूर्व सदस्य मियाओ हुआ को भी 'अनुशासन और कानून के गंभीर उल्लंघन' के लिए निष्कासित कर दिया गया है।
मंत्रालय ने कहा कि ही और मियाओ के साथ सात अन्य लोगों को उच्च स्तर के भ्रष्टाचार में दोषी पाया गया और निष्कासित कर दिया गया और उनकी जांच चल रही है। जांच की सूची में मियाओ के डिप्टी और पूर्व कार्यकारी अधिकारी हे होंगजुन, सीएमसी संयुक्त संचालन कमान केंद्र के पूर्व कार्यकारी उप निदेशक वांग शिउबिन, पूर्वी थिएटर कमान के पूर्व कमांडर लिन जियांगयांग, सेना के पूर्व राजनीतिक कमिशार किन शुतोंग, नौसेना के पूर्व राजनीतिक कमिशार युआन हुआझी, रॉकेट फोर्स के पूर्व कमांडर वांग हौबिन और पीपुल्स आर्म्ड पुलिस फोर्स के पूर्व कमांडर वांग चुनिंग शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित