मुंबई , मार्च 10 -- फिल्मों, टेलीविजन, म्यूज़िक वीडियो और विज्ञापनों में लगातार काम करते हुए अपने करियर को मज़बूती से आगे बढ़ाने के बाद अभिनेता चित्रांश राज ने अब अपने करियर के एक नए और अहम पड़ाव में कदम रखा है।

चित्रांश राज की नेटफ्लिक्स सीरीज़ हेलो बच्चों के रिलीज़ होने के साथ ही दर्शक अब उस कहानी से रूबरू हो रहे हैं जो भारत के छात्रों के सपनों, संघर्षों और आकांक्षाओं को दर्शाती है। इस मौके पर चित्रांश राज ने अपनी खुशी और आभार व्यक्त किया है।

इससे पहले बॉलीवुड फिल्म तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया में नज़र आ चुके चित्रांश अब इस सीरीज़ में एक गहराई और भावनात्मक परतों से भरी भूमिका निभा रहे हैं। यह सीरीज़ फिजिक्स वाला के संस्थापक अलख पांडे की प्रेरणादायक यात्रा से प्रेरित है, जिनका किरदार अभिनेता विनीत कुमार सिंह ने निभाया है। यह शो भारत की शिक्षा व्यवस्था की भावनात्मक वास्तविकताओं को सामने लाते हुए शिक्षकों और छात्रों के बीच के गहरे रिश्ते को भी दर्शाता है।

सीरीज़ में चित्रांश ने 'संयम' का किरदार निभाया है, जो कहानी में एक अहम भूमिका निभाता है। संयम एक ऐसा पात्र है जो छात्रों और शिक्षकों की दुनिया के बीच खड़ा दिखाई देता है। हास्य, संवेदनशीलता और भावनात्मक टकराव के कई पलों के माध्यम से यह किरदार छात्रों पर पड़ने वाले दबावों के साथ-साथ शिक्षकों की अपेक्षाओं को भी समझता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित