जगदलपुर , फरवरी 20 -- विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के मनोरम तट पर आयोजित 'चित्रकोट महोत्सव 2026' का भव्य और रंगारंग समापन हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलकियां देखने को मिलीं, वहीं छत्तीसगढ़ी फिल्मों के स्टार अनुज शर्मा की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।
जिला पीआरओ से आज मिली जानकारी के अनुसार,समापन संध्या की शुरुआत स्कूली छात्र-छात्राओं की ऊर्जावान प्रस्तुतियों के साथ हुई। माध्यमिक विद्यालय पदरगुड़ा, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय लोहण्डीगुड़ा, एकलव्य आदर्श विद्यालय गढ़िया, पीएम श्री आश्रम शाला बड़े गुमियापाल और कन्या आश्रम अलनार की छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद बस्तर की आदिम संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली, जब दरभा के नर्तकों ने धुरवा नृत्य, किलेपाल के नर्तकों ने पारंपरिक गौरसिंह नृत्य और लामकेर के नर्तकों ने प्रसिद्ध गेड़ी नृत्य प्रस्तुत किया।
इन पारंपरिक नृत्यों की थाप पर पूरा पंडाल झूम उठा। मनोज नाग और साथियों ने जनजातीय गीत एवं नृत्य की अविस्मरणीय प्रस्तुति देकर बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।
महोत्सव में शास्त्रीय और लोक कला का अनूठा संगम भी देखने को मिला। ओडिसी डांस ग्रुप की लयबद्धता और नीरज एवं तमन्ना के कथक नृत्य ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। मोहम्मद अनस के पियानो वादन ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की सुमधुर लहरियों से वातावरण को सुकूनदेह बना दिया। बस्तर अंचल के लोक रंग ग्रुप और आनन्दिता तिवारी व जोबिता विश्वास की प्रस्तुतियों ने स्थानीय कला की गहराई को प्रदर्शित किया, जबकि कोंडागांव के 'रंग पुरैया' दल ने अपनी विशिष्ट शैली से सबका ध्यान खींचा।
समापन संध्या की जान रहे छत्तीसगढ़ी फिल्मों के स्टार और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा। मंच संभालते ही उन्होंने अपनी जादुई आवाज और चिरपरिचित अंदाज से युवाओं और बुजुर्गों सभी का दिल जीत लिया। उनके गीतों पर दर्शक दीर्घा में बैठे हर व्यक्ति ने जमकर झूमकर तालियां बजाईं।
समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने बस्तर की गौरवशाली परंपरा को सहेजने और पर्यटन को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई। देर रात तक चली इस सांस्कृतिक महफिल ने चित्रकोट की दूधिया रोशनी और कल-कल बहते जलप्रपात के साथ मिलकर पर्यटकों के लिए एक अविस्मरणीय याद बन गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित