चित्रकूट , जनवरी 23 -- उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में अपहरण के बाद एक किशोर की हत्या के मामले में पुलिस ने एक मुठभेड़ में मुख्य आरोपी अकरम उर्फ कल्लू को मार गिराया है जबकि दूसरा आरोपी इरफान घायल हो गया है।

चित्रकूट के बरगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरगढ़ कस्बे में एक व्यापारी के 14 वर्षीय बेटा आयुष रोज की तरह ट्यूशन पढ़ने के बाद दोस्तों के साथ खेलने गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। कुछ ही देर बाद परिजनों के पास फोन आया और फिरौती मांगी गई।जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने आयुष के अपहरण के बाद परिजनों से 40 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज तथा स्थानीय पूछताछ के जरिए सुराग जुटाने शुरू किए।

जांच में सामने आया कि कस्बे में ही टीन बक्से की दुकान चलाने वाले इरफान और अकरम उर्फ कल्लू इस वारदात में शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक अपहरण के बाद दोनों आरोपियों ने किशोर की हत्या कर दी। जब आयुष का शव बरामद हुआ तो पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और लोगों की भीड़ ने घटना से आक्रोशित लोगों ने आयुष का शव रखकर प्रयागराज-चित्रकूट नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। हालात बिगड़ते देख एडिशनल एसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया गया। बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया।

इसके बाद एसओजी समेत कई थानों की टीमों को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में अकरम उर्फ कल्लू को गोली लगी और उसकी मौत हो गई। वहीं इरफान के पैर में गोली लगी, उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित