चित्तौड़गढ़ , अप्रैल 22 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ पुलिस लाइन परिसर में पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं उनके समग्र विकास की दिशा में आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातानुकूलित पुस्तकालय एवं सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उदयपुर पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव ने बुधवार को पुलिस लाइन परिसर में निर्मित आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातानुकूलित पुस्तकालय एवं सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय एवं सामुदायिक भवन राजस्थान पुलिस के कर्मठ एवं कर्तव्यनिष्ठ जवानों और उनके परिवारजनों को समर्पित है, जिसमें अध्ययन के लिये अनुकूल वातावरण, संदर्भ सामग्री, समाचार-पत्र एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं।
श्री श्रीवास्तव ने कहा कि इससे पुलिस कर्मियों को ज्ञानार्जन एवं आत्मविकास के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे वहीं सामुदायिक भवन कर्मठ एवं कर्तव्यनिष्ठ जवानों को समर्पित है जो विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए उपयोगी रहेगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं उनके परिवारजनों के विकास के लिए इस प्रकार की आधारभूत सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड एवं हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत किए गए इस सहयोग की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों में सहभागिता बनाए रखने की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह और पुलिस उप अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित