चित्तौड़गढ़ , मई 01 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ की पुलिस ने राजमार्ग पर अवैध पेट्रोलियम पदार्थ के कारोबार का पर्दाफाश करके हजारों लीटर तरल पदार्थ जब्त किये है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात्रि पुलिस ने शहर से बाहर ओछड़ी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो ठिकानों पर छापे मारे जहां एक स्थान से 98 ड्रम में भरा करीब 15 हजार लीटर अत्यंत ज्वलनशील साल्वेंट बरामद किया। इसके कुछ दूर ही एक स्थान पर भी की गई कार्रवाई में 65 जेरीकेन में भरे छह हजार लीटर से ज्यादा पेट्रोल डीजल बरामद करके रसद विभाग को सूचना दी।

सू्त्रों ने बताया कि जिला रसद अधिकारी हितेश जोशी एवं प्रवर्तन निरीक्षक सुमन तिवारी भी मौके पर पहुंचे और सारा तरल अवैध रुप से भंडार किये जाने की पुष्टि के बाद जोशी ने प्राथमिकी दर्ज करवाई। मौके से राजू गाडरी एवं कन्हैया तेली को गिरफ्तार किया गया जबकि एक अन्य मनीष शर्मा को नामजद करके उसकी तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित