चित्तौड़गढ़ , जनवरी 14 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ के विधायक चंद्रभान सिंह आक्या पर मतदाताओं के नाम कटवाने का आरोप लगाते हुए पूर्व धरोहर प्राधिकरण अध्यक्ष सुरेंद्रसिंह जाड़ावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदर्शन किया।
शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस के तत्वावधान में चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह जाड़ावत के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर एकत्रित होकर निर्वाचन आयोग एवं स्थानीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने उपखंड अधिकारी को दिये ज्ञापन में आरोप लगाया कि वर्तमान चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या द्वारा सरकारी कर्मचारी बीएलओ के साथ मिलकर षड्यंत्र रचकर बड़ी तादाद में करीब दस हजार सही मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास कर रहे हैं। इसकी पुख्ता सूचना मिलने के आधार पर कांग्रेस पदाधिकारी ज्ञापन देने पहुंचे।
ज्ञापन में कहा गया है कि चित्तौड़गढ़ उपखण्ड एवं भदेसर क्षेत्र की पंचायतों में बूथों पर जो विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जो मतदाता पूर्ण रूप से सही पाये गये जिनकी मतदाता सूचियां भी जारी हो गई हैं। उसके बाद हाल ही के दो चार दिनों में हर बूथ पर राजनीतिक दबाव के चलते अनैतिक तरीके से मतदाताओं के नाम काटने की कोशिश की जा रही है एवं करीब दस हजार नाम जो एससी एसटी, अल्पसंख्यक, ओबीसी एवं गरीब मतदाताओं के हैं, जिनके नाम काटने के फार्म भरे जा चुके हैं ऑनलाइन सबमिट करके नाम काटने की तैयारी चल रही है ऐसी सूचनाएँ सभी बूथों से प्राप्त हुई है।
उन्होंने कहा है कि स्वच्छ लोकतंत्र में ऐसे कृत्यों के लिए कोई स्थान नहीं है। जो राजनीतिक लोग इस प्रकार का कृत्य कर रहे हैं या उनके द्वारा करवाए जा रहे हैं जो पूर्ण रूप से गलत है एवं लोकतंत्र की छवि को दागदार करने वाले है। इसी को लेकर गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे कलेक्ट्रोरेट चौराहे पर धरना देकर प्रदर्शन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित