बैतूल , अप्रैल 28 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के प्रभातपट्टन विकासखंड अंतर्गत ग्राम चिचंडा में एक मकान में आग लगने से लगभग दो लाख रुपए का नुकसान हो गया। दमकल की टीम ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इमरतलाल सहाने के कच्चे-पक्के मकान में मंगलवार दोपहर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा अनाज, कपड़े, नगदी और जेवर सहित अधिकांश घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

सूचना मिलते ही नगर पालिका मुलताई से दमकल के दो वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब एक बजे आग पर नियंत्रण पा लिया।

इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया और घर में बंधी एक गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के अन्य मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पीड़ित परिवार को सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित