धौलपुर , फरवरी 09 -- राजस्थान में धौलपुर के चिकित्सा महाविद्यालय में कार्यरत सफाई कर्मियों ने सोमवार को वेतन वृद्धि और लंबित बकार भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि राज्य में करौली, भरतपुर और जयपुर में समान पद पर कार्यरत सफाई कर्मियों को 13 हजार 150 रुपए मासिक वेतन दिया जा रहा है। इसके विपरीत धौलपुर में उन्हें केवल छह हजार 400 रुपए मासिक वेतन मिल रहा है जो अन्यायपूर्ण है।

ज्ञापन में बताया गया है कि भरतपुर जिला प्रशासन और जयपुर मुख्यालय के आदेशों के अनुसार सफाई कर्मियों के वेतन में वृद्धि करके बकाये का भुगतान किया जाना प्रस्तावित है। जबकि धौलपुर चिकित्सा महाविद्यालय में अब तक न तो वेतन वृद्धि लागू की गई है और न ही बकाया राशि का भुगतान किया गया है।

ज्ञापन में सफाईकर्मियों ने तीन महीने का वेतन भी रोके जाने का आरोप लगाया है। ज्ञापन में प्रशासन से वेतन वृद्धि, बकाया भुगतान और रोकी गये वेतन तुरंत जारी करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित