भीलवाड़ा , फरवरी 18 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित चिकित्सक को ब्लैकमेल करने का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है।

सुभाष नगर थाना पुलिस ने चिकित्सक की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रंगदारी, ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट की संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है। बदमाशों ने चिकित्सक से 10 मिनट में बर्बाद करने की धमकी देते हुए 90 लाख रुपये की भारी-भरकम मांग की है। पीडि़त चिकित्सक ने पुलिस को बताया कि नौ दिसंबर 2025 को उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से कॉल और सात सेकंड का एक संदिग्ध वीडियो आया। बदमाश ने ऑडियो मैसेज भेजकर धमकी दी।

इसके बाद पिछले महीने 17 जनवरी को फिर धमकी देते हुए 90 लाख रुपये की मांग की गई।चिकित्सक ने आशंका जताई है कि इस पूरी साजिश में उनके ही निजी अस्पताल के कुछ कर्मचारी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने उनकी रेकी की या जानकारी लीक की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित