जालंधर , जनवरी 10 -- कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व शिक्षा मंत्री परगट सिंह ने शनिवार को उनके निवास स्थान का घेराव करने पहुंचे आम आदमी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को ललकारते हुए कहा कि वह डरने वालों में से नहीं है और न ही अंदर बैठने वालों में से हैं। दिल्ली वाले केजरीवाल और सिसोदिया चाहे उनपर पर 10 एफआईआर कर दें, उन्हें इससे डर नहीं लगता है।
श्री परगट सिंह ने प्रदर्शन करने आए आप नेताओं को दिल्ली वालों के 'चपलचट्ट' कहकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि वह उन्हें प्रदर्शनकारियों से बात करने दें या फिर वे सब आकर मुझसे डिबेट कर लें। दिल्ली वालों को तो चले जाना है, पंजाब में हम सबको ही रहना है और पंजाब की जनता को जवाब भी इनको ही देना होगा। मेरे सामने बात करने की इनकी जुर्रत नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी के वीडियो के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की है। अगर वीडियो में कुछ कहा गया है तो वह आम आदमी पार्टी की तरफ से कहा गया है और कोई छेड़छाड़ हुई है तो वह भाजपा की तरफ से की गई है। भाजपा और आप दोनों ही मिलकर खेल खेलती हैं। जब इस वीडियो की फोरेंसिक रिपोर्ट 15 दिन में आनी है तो पंजाब की आम आदमी पार्टी को इतनी जल्दबाजी क्यों है?श्री सिंह ने कहा कि तकलीफ इस बात ही है कि परगट सिंह और सुखपाल खैहरा प्रश्न क्यों पूछते हैं? पंजाब में कत्ल होते हैं तो हम क्यों न पूछे?" उन्होंने आप नेताओं से कहा कि इकबाल सिंह कहां हैं? जिसने मेरे खिलाफ शिकायत दी है। मामला आप और भाजपा का है और एफआईआर मेरे खिलाफ दर्ज किया जा रहा है। मुझ पर गुरुओं के अपमान का आरोप लगाकर सिखों का विरोधी बताया जा रहा है।
श्री परगट सिंह ने कहा कि आज पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह तबाह हो चुकी है। कनून और व्यवस्था के कितने आरोपों की आप ने जांच करवाई है। आम आदमी पार्टी, मुख्यमंत्री भगवंतसिंह मान और डीजीपी, पंजाब बताएं कि बेअदबी के मामलों पर एक इंच भी फाइल आगे क्यों नहीं बढ़ाई। देश में सिखों और किसानों के खिलाफ गलत प्रचार किया गया। उनकी तरफ से दी गई अर्जी पर भी सरकार ने कोई एक्शन नहीं लिया।
श्री सिंह ने कहा कि पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की जो ऑडियो सामने आई, आज तक उसकी फोरेंसिक जांच क्यों नहीं हुई। सरपंच का शादी समारोह में कत्ल कर दिया जाता है। उस पर क्या हुआ। आम आदमी पार्टी वाले सिर्फ लोगों को डराने और प्रेस को दबाने का काम कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित