नयी दिल्ली , जनवरी 16 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये जबकि गेहूं की कीमतों में कमोबेश टिकाव रहा। चीनी और दालों की कीमतों में नरमी रही जबकि खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 23 रुपये बढ़कर 3,782 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 2,861 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रहा। आटे की कीमत 13 रुपये घट गयी।
दाल-दलहनों में गिरावट का रुख रहा। तुअर दाल और चना दाल के औसत दाम 18-18 रुपये प्रति क्विंटल गिर गये। उड़द दाल 16 रुपये और मसूर दाल आठ रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई। मूंग दाल भी छह रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का अप्रैल वायदा 81 रिंगिट चढ़कर 4,071 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। वहीं, मार्च का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.32 प्रतिशत गिरकर 52.80 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया।
स्थानीय बाजारों में सरसों तेल औसतन 14 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। वहीं, पाम ऑयल 45 रुपये और वनस्पति 33 रुपये सस्ता हुआ। सूरजमुखी तेल की कीमत 29 रुपये और सोया तेल की 17 रुपये घट गयी। मूंगफली तेल तीन रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ।
मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव 31 रुपये प्रति क्विंटल टूट गये। वहीं, चीनी आठ रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित