नयी दिल्ली , फरवरी 04 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये। चावल के साथ गेहूं भी महंगा हुआ जबकि चीनी में नरमी रही। वहीं, दालों और खाद्य तेलों की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 16 रुपये बढ़कर 3,866 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं भी 16 रुपये मजबूत हुआ और 2,875 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटा भी चार रुपये महंगा हुआ।
दाल-दलहनों में घटबढ़ रही। उड़द दाल की औसत कीमत 22 रुपये और तुअर दाल की 20 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ी। मसूर दाल में 43 रुपये की गिरावट रही। मूंग दाल 22 रुपये और चना दाल 13 रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का अप्रैल वायदा सात रिंगिट चढ़कर 4,222 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। अमेरिकी सोया तेल का मार्च वायदा भी 0.11 प्रतिशत की तेजी में 54.55 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
स्थानीय बाजारों में मूंगफली तेल औसतन 46 रुपये और सूरजमुखी तेल 37 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। पाम ऑयल की कीमत 33 रुपये और वनस्पति की तीन रुपये बढ़ी। वहीं, सरसों तेल में सात रुपये और सोया तेल में पांच रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही।
मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव आठ रुपये प्रति क्विंटल गिर गये। चीनी भी नौ रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित