नयी दिल्ली , जनवरी 12 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में सोमवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये। चावल के साथ चीनी और दालों में भी तेजी रही। वहीं, गेहूं में नरमी का रुख रहा जबकि खाद्य तेलों की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 95 रुपये बढ़कर 3,843 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 16 रुपये सस्ता हुआ और 2,857 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा। आटे की कीमत भी 16 रुपये घट गयी।
दाल-दलहनों में तेजी रही। तुअर दाल की औसत कीमत 244 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। चना दाल 184 रुपये और मसूर दाल 124 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। मूंग दाल 95 रुपये और उड़द दाल 51 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का मार्च वायदा 55 रिंगिट की बढ़त में 4,091 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। मार्च का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 1.11 प्रतिशत चढ़कर 50.24 डॉलर के भाव बोला गया।
स्थानीय बाजारों में मूंगफली तेल की औसत कीमत 116 रुपये प्रति क्विंटल मजबूत हुई। वनस्पति का भाव 88 रुपये और सरसों तेल का 32 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ा। वहीं, सोया तेल और सूरजमुखी तेल 52-52 रुपये टूट गये। पाम ऑयल भी 43 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया।
मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव 110 रुपये प्रति क्विंटल चढ़ गये। चीनी भी 18 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित