चंडीगढ़ , मार्च 16 -- पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सोमवार को राज्य की आम आदमी पार्टी(आप) सरकार के उन "झूठ" का मज़ाक उड़ाया, जिसमें दावा किया गया है कि उसने पांच के बजाय चार साल में ही अपने सभी वादे पूरे कर दिए हैं।
श्री वड़िंग ने कहा कि वास्तव में ये चार साल लूट, विश्वासघात और बर्बाद अवसरों के रहे हैं, जिसमें अन्य राज्यों में चुनाव लड़ने के लिए पंजाब के संसाधनों का शोषण, लूट और दुरुपयोग किया गया। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, "आप सरकार को देश के सभी राज्यों के बीच 'राजकोषीय स्वास्थ्य सूचकांक' में पंजाब को सबसे नीचे धकेलने का श्रेय भी लेना चाहिए।" उन्होंने कहा कि 'आप' ने सबको झूठ बोलने और गुमराह करने की कला में महारत हासिल कर ली है, लेकिन वे अब पंजाब के लोगों को और बेवकूफ नहीं बना सकते।
उन्होंने कहा , " 'आप' ने पंजाब को उस दिवालियापन की ओर धकेल दिया है जहाँ पिछली कोई सरकार नहीं ले गई थी। उन्होंने राज्य को 'जंगलराज' में बदल दिया है जहाँ गैंगस्टरों का बोलबाला है। सरकार के चार साल बीत जाने के बाद भी पंजाब की महिलाओं को 1,000 रुपये मासिक नकद सहायता मिलनी शुरू नहीं हुई है, फिर भी सरकार दावा कर रही है कि उसने सभी वादे पूरे कर दिए हैं।" उन्होंने कहा कि आप सरकार ने जितना भारी कर्ज लिया है, उसे चुकाने में पीढ़ियां लग जाएंगी। उन्होंने बताया कि राज्य का कुल कर्ज 4.17 लाख करोड़ के पार पहुंच गया है, जबकि नीति आयोग की हालिया रिपोर्ट के अनुसार पंजाब राजकोषीय स्वास्थ्य में सबसे निचले पायदान पर है।
श्री वड़िंग ने विशेष रूप से राज्य में पनपे गैंगस्टर कल्चर का जिक्र किया और कहा कि आज कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। लोग आतंकवाद के दिनों में भी इतने असुरक्षित महसूस नहीं करते थे, जितना आज कर रहे हैं। नशे की समस्या और भी बदतर हो गई है क्योंकि आप इसे रोकने में विफल रही है। इसके अलावा, राज्य भर में भ्रष्टाचार 'वसूली' की सीमाओं को पार कर चुका है और यही आप की "सबसे बड़ी उपलब्धि" है जिसे उन्हें गर्व से स्वीकार करना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित