धार , दिसम्बर 26 -- मध्यप्रदेश के धार जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के बगदूंन थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 24 वर्षीय युवक ने चार वर्षीय मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाने का प्रयास किया। गनीमत रही कि परिजनों और राहगीरों की सतर्कता से बच्ची सुरक्षित बच गई और आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
मामला बगदूंन थाना क्षेत्र के सेक्टर-3 स्थित साबू स्टोन कंपनी के पास का है। पुलिस के अनुसार आरोपी तिलक (24), मूल रूप से उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के जुगपुरा का निवासी है और यहां पीथमपुर में रह रहा था। वह बच्ची को बहला-फुसलाकर गोद में उठाकर पास की झाड़ियों की ओर ले जा रहा था। उसकी नीयत खराब थी और वह बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास कर रहा था।
उसी समय बच्ची के परिजनों और वहां से गुजर रहे राहगीरों ने आरोपी को संदिग्ध अवस्था में देखा। उन्होंने तुरंत दौड़कर बच्ची को छुड़ाया और युवक को दबोच लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बगदूंन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया। उप निरीक्षक चांदनी सिंगार ने बताया कि बच्ची के परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई कि आरोपी उनकी बच्ची के साथ छेड़छाड़ कर उसे ले जा रहा था। शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया है और उसे धार के माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने बच्ची के परिजनों के साथ मिलकर आरोपी को सख्त सजा देने की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित