सागर , फरवरी 7 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी दलपतपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन से 43 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद कर पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी जप्त कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम दलपतपुर निवासी कोमल सिंह लोधी एवं उसका पुत्र अनिल लोधी अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा का विक्रय करते हैं और सफेद रंग की बोलेरो वाहन से गांजा बेचने जाने की तैयारी में हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने आरोपियों के निवास स्थान तथा सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो वाहन क्रमांक MP-15-ZV-9352 की विधिवत तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से कुल 43.660 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा चार खाकी रंग के उपयोग में लाए गए टेप, कैंची, लोहे का तराजू तथा 50 ग्राम और 200 ग्राम के बाट भी जप्त किए गए। गांजा परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है, को भी पुलिस ने जप्त किया है।
पुलिस ने कोमल सिंह लोधी, पिता बल्देव लोधी, उम्र 40 वर्ष एवं अनिल लोधी, पिता कोमल सिंह लोधी, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 01 दलपतपुर, थाना बंडा को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित