मुरैना , फरवरी 24 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के अंबाह थाना क्षेत्र में आज एक चार पहिया वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो कोटवारों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा अंबाह थाना क्षेत्र के ग्राम बरेह के समीप उस समय हुआ, जब बाइक सवार कोटवार रंजीत श्रीवास (24) और हरिश्चंद्र माहौर (25) अंबाह में आयोजित बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी कर लौट रहे थे। तभी मुरैना की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार दोनों मृतक अंबाह तहसील में कोटवार के पद पर पदस्थ थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित