उदयपुर , फरवरी 03 -- राजस्थान में उदयपुर के भूपाल नोबल्स विश्वविद्यालय की मेजबानी में पहली बार हो रहे चार दिवसीय पश्चिमी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का मंगलवार को शुभारंभ हुआ।
प्रतियोगिता में राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र एवं गोवा के 127 विश्वविद्यालय के 1500 से अधिक खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक शिरकत कर रहे हैं।
आयोजन सचिव डॉ. हितेश चन्द्र रावल ने बताया कि समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश और आगामी 30 वर्षाें तक युवा देश रहने वाला है। देश की प्रगति युवाओं के हाथ में है। वर्तमान में युवा आधुनिकता के दौर में अपने जीवन का अधिकांश समय सोशल मीडिया पर बर्बाद कर देता है जो इस देश की युवा पीढी के लिए घातक है।
खेल बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अभिमन्यु सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन मेजबान बीएन विश्वविद्यालय ने गुरू गोविंद जनजाति विवि बांसवाडा को 34 अंकों से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। कर्नावटी विश्वविद्यालय गांधी नगर ने नवसारी एग्रीकल्चर को 24, विवेकानंद ग्लोबल विवि जयपुर ने एमआईटी विवि पुणे को छह, भावनगर विवि ने चारूसत विवि गुजरात को 33, हेमचंद्ररचार्य नोर्थ गुजरात विश्वविद्यालय ने मेडिकप्स विश्वविद्यालय इन्दौर को 35, बीआईटीएस विश्वविद्यालय पिलानी ने रानी दुर्गावती विवि जबलपुर को 10, शिवाजी विवि कोल्हापुर ने एसपीएसयू उदयपुर को तीन अंकों से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित